होंडा का 2030 तक भारत में विस्तार का रोडमैप, रायपुर में नई सिटी और जेडआर-वी पेश
कंपनी ने कहा- भारत दुनिया के तीन प्रमुख बाजारों में शामिल, 2028 से नए एसयूवी मॉडल लाने की तैयारी
रायपुर। होंडा की इलेक्ट्रिक कार जल्द आ रही है। भारत के राजस्थान में में टेस्टिंग शुरू हो गई है। होंडा कार्स इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट मार्केटिंग एवं सेल्स कुणाल बहल ने बताया कि कब इसकी लॉन्चिंग होगी। होंडा कार्स इंडिया ने भारत में अपने कारोबार के विस्तार को लेकर 2030 तक का रोडमैप पेश किया है। कंपनी ने भारत को दुनिया के तीन प्रमुख प्राथमिक बाजारों में शामिल बताते हुए कहा कि देश उसके भविष्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी रणनीति के तहत कंपनी लागत-कुशल वाहनों के साथ नए ग्लोबल और भारत-केंद्रित मॉडल बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है।
कंपनी के मुताबिक 2028 से सब-4 मीटर एसयूवी और मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में नए वाहन पेश किए जाएंगे। वहीं वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में होंडा भारत में अपना पहला बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी) भी पेश करने की तैयारी में है।इसी क्रम में मंगलवार को रायपुर में कंपनी ने हाल ही में लॉन्च की गई नई होंडा सिटी और ग्लोबल प्रीमियम हाइब्रिड एसयूवी ऑल-न्यू होंडा जेडआर-वी को पेश किया। कंपनी ने बताया कि छत्तीसगढ़ उसके प्रमुख बाजारों में शामिल है और राज्य में होंडा सिटी, एलिवेट और अमेज जैसे मॉडलों को ग्राहकों से लगातार अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
होंडा कार्स इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट मार्केटिंग एवं सेल्स कुणाल बहल ने कहा कि भारत में कंपनी के लिए विकास का महत्वपूर्ण दौर शुरू हो रहा है। कंपनी इस साल देश में छह नए वाहन पेश करने की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ होंडा के लिए महत्वपूर्ण बाजार है और यहां ग्राहकों का ब्रांड पर लगातार भरोसा बना हुआ है।
